ई-पेपर

नड्डा ने चुनावी जीत व संगठन मजबूती के दिए टिप्स:अध्यक्षों से लिया रिपोर्ट कार्ड, संगठन की ताकत पर रहा जोर, मेवाड़-वागड़ की 28 सीटों पर जीत का मैनजमेंट प्लान फोकस में


भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा आज सुबह उदयपुर पहुंचे। डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर उनका भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वे उदयपुर की एक होटल में पहुंचे और भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेनी शुरू की। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के यहां पहुंचने पर महिला कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत भी किया।

जेपी नड्डा ने चुनाव जीतने का मंत्र दिया, पहले अध्यक्षों से लिया रिपोर्ट कार्ड, संगठन की ताकत पर ज्यादा जोर रहा। जेपी नड्डा ने सभी से चुनाव जीतने को लेकर संगठन की तैयारियां जानी और नीचे के स्तर पर चुनाव जीतने के लिए कई टिप्स भी दिए। इसमें सबसे अहम बूथ मैनजमेंट पर था। उन्होंने कहा कि बूथ पर पूरी तैयारी करनी होगी और बूथ की ग्रेडिंग पर भी पूरा फोकस हो। इसमें उनका जोर था कि जिन बूथों पर पिछले तीन चुनावों में पार्टी की स्थिति कमजोर थी वहां पूरी मेहनत की जाए और पूरी योजना बनाकर काम किया जाए।

उन्होंने वोटिंग को लेकर भी संगठन के कामकाज को लेकर टिप्स दिए, उन्होंने मतदाता को वोट कराने से लेकर अंतिम समय पूरी मेहनत करने को लेकर भी अपनी बात रखते हुए मार्गदर्शन दिया। इस बैठक में टिकट को लेकर कोई बात नहीं हुई लेकिन वरिष्ठ नेताओं के बीच टिकट को लेकर पूरी चर्चा हुई और जोर दिया गया कि पार्टी जिसको चुनाव लड़ने के लिए मौका दें सब उसके साथ होकर चुनाव जिताएं।

पहले एक-एक से लिया परिचय, अध्यक्षों ने दिया पेश किया प्रतिवेदन

इससे पहले जेपी नड्डा ने इस बैठक में आमंत्रित सभी पदाधिकारियों से उनका परिचय लिया। साथ सभी जिलों के जिलाध्यक्षों ने अपना प्रतिवेदन उनके समक्ष रखते हुए संगठन की और से किए गए कार्यों से अध्यक्ष को अवगत कराया। नड्डा यहां से 3 बजकर 51 मिनट पर उदयपुर से जोधपुर के लिए रवाना हो गए।

कार्यकर्ता पहचाने अपनी ताकत
नड्डा ने प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी ताकत पहचानने और संगठन को सर्वोपरि मानकर काम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने संगठन के प्रति सक्रिय रहकर समाज के सभी वर्गों को पार्टी की रीति नीति से जोड़ते हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का आव्हान किया।

कार्यकर्ता कितने जुड़ रहे है इसकी समीक्षा हो
उन्होंने उन्होंने जिला पदाधिकारियो को यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में पुराने और नए कार्यकर्ता कितने जुड़ रहे है, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसका समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों में आकलन करना बहुत आवश्यक है। उन्होंने विशेषकर युवा और महिला वर्ग के साथ-साथ एनजीओ, विभिन्न खेल संगठनों, लाभार्थियों और प्रभावी और प्रवासी कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क में रहते हुए उन्हें संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

ये टीम 28 सीट जीतने की ताकत रखती

उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि यह टीम संभाग की 28 सीट जीतने की ताकत रखती है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ताओं से संगठन के लिए किए गए कार्यों का दैनिक मूल्यांकन करने के लिए कहा। उन्होंने कहा राजनीति में कम समय में ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ जुड़ने का काम ही जीत दिलाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी की वजह से हमारी पहचान है।

कार्य को अपने पास संभाल के नहीं रखे…

उन्होंने कहा कि कार्य को अपने पास संभाल के नहीं रखे, उसका विकेंद्रीकरण करें, उसको अलग-अलग लोगों तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि काम को खुद करने से नहीं बल्कि काम को दूसरों से किस प्रकार कराया जाए, यह समझने की जरूरत है।

गलतियों से होने वाला नुकसान बताया

मतदान दिवस पर पार्टी के कार्यकर्ता का उसे दिन क्या दायित्व होता है, उसे क्या-क्या करना चाहिए। सवेरे 5 बजे से लेकर शाम की 5 बजे तक का उन्होंने कार्यकर्ता को टिप्स देते हुए कहा कि यदि हमने इस प्रकार अपने आचार विचार को रखा और नियोजन के साथ चले हम अपने बूथ को जीतने में कामयाब रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में की गई गलतियों से जीता हुआ चुनाव हार जाते हैं और सही काम की वजह से हारा हुआ चुनाव भी जीत जाते हैं। वे बोले कि हंसते खेलते पार्टी का काम करो, मस्ती में उत्साह के साथ काम करो, इसी से नतीजे आते है।

प्रदेश अध्यक्ष सीपी बोले राजस्थान जीत का द्वार मेवाड़ ही
प्रदेश अध्यक्ष सांसद सीपी जोशी ने स्वागत करते हुए कहा कि राजस्थान में पार्टी की जीत का द्वार मेवाड़ से खुलता है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन द्वारा केंद्र और प्रदेश द्वारा दिए गए सभी कार्यक्रमों में उदयपुर संभाग द्वारा सफल संयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विधानसभा चुनाव में संभाग से भारतीय जनता पार्टी सभी सीटों पर अपनी विजय पताका फहराएगी।

इससे पहले डबोक एयरपोर्ट पर उनके रिसीव करने भाजपा के प्रमुख नेता पहुंचे। इस दौरान पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, राजस्थान के चुनाव प्रभारी नितिन पटेल ने उनकी अगवानी की। वहां से नड्डा उदयपुर के 100 फीट रोड स्थित होटल हावर्ड जॉनसन पहुंचे। यहां पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

भाजपा के लिए खास है मेवाड़-वागड़ की सीटें

इस मौके पर महिला कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। साथ ही, भाजपा सरकार के महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के फैसले पर उनका धन्यवाद दिया। नड्डा ने कुछ देर उनसे मुलाकात की और बाद में वे बैठक में शामिल हुए।

बैठक में उदयपुर संभाग व बांसवाड़ा संभाग के जिलों के आमंत्रित पदाधिकारी शामिल हैं। इसमें प्रथम चरण में उदयपुर शहर, देहात, प्रतापगढ़, चितौड़गढ़ जिले को शामिल किया गया है। दूसरे चरण में बांसवाड़ा, डूंगरपुर, राजसमंद जिले के पदाधिकारियों से नड्डा चर्चा करेंगे।

बता दें कि उदयपुर-बांसवाड़ा संभाग भाजपा के लिए खास अहमियत रखता है। अभी मेवाड़-वागड़ क्षेत्र में भाजपा के पास कुल 28 में से 15 सीटें हैं। वहीं कांग्रेस की झोली में 10 सीटें हैं। कांग्रेस के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद यहां कई बार दौरे कर चुके हैं।


VIPLAV KUMAR JAIN

विप्लव कुमार जैन, पिछले 13 वर्षों से एक बेदाग छवि वाली पत्रकारिता के लिए, राजस्थान की पत्रकारिता जगत में जाना पहचाना चेहरा है l अगम्य मीडिया न्यूज़ के संस्थापक, प्रधान संपादक एवं प्रकाशक विप्लव कुमार जैन ने विगत वर्षों में स्वतंत्र पत्रकार के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ी है, एवं कम उम्र में एक विशिष्ठ पहचान बनाई है l

View all posts by VIPLAV KUMAR JAIN →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?