कार रोककर चाकू मारे; श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्टी परमानंद की तबीयत बिगड़ी, एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया
महाकुंभ में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर गुरुवार रात हमला हुआ। कुछ लोगों ने आशीर्वाद के बहाने कार रुकवाई और चाकू से हमला कर दिया। वहीं, अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी परमानंद महाराज की गुरुवार को तबीयत बिगड़ी। सीने में दर्द के बाद उन्हें केंद्रीय अस्पताल महाकुंभ लाया गया। यहां उनको ICU में रखा गया। इसके बाद SRN हॉस्पिटल और फिर यहां से एयरलिफ्ट कर उन्हें AIIMS दिल्ली भेजा गया। आज महाकुंभ का 33वां दिन है। आज सुबह 8 बजे तक 20.20 लाख लोगों ने स्नान किया है। 13 जनवरी से अब तक 49.14 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आज भी संगम स्टेशन बंद रखा गया है। 8वीं तक के स्कूल बंद आज-कल बंद रहेंगे। ऑनलाइन क्लास चलेगी।
आज महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस दोपहर 2 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। उनका संगम स्नान का कार्यक्रम है। वे आज ही दोपहर 4:50 बजे वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी महाकुंभ आएंगे। वह दोपहर 12:08 बजे ट्रेन से प्रयागराज जंक्शन पहुंचेंगे। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी आज दोपहर 2:00 बजे लखनऊ से कार से प्रयागराज पहुंचेंगे। 14 से 17 फरवरी तक महाकुंभ में 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेंगे। गंगा पंडाल में आज से संगीत कार्यक्रम शुरू हो रहा है। इसमें बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर, मोहित चौहान, कविता सेठ, नवदीप वडाली जैसे सिंगर परफार्म करेंगे।
महाकुंभ में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर गुरुवार रात हमला हुआ। उनके तीन शिष्यों पर भी हमला हुआ। सभी को इलाज के लिए महाकुंभ के सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। कल्याणी नंद गिरि अपनी कार में सवार होकर शिविर जा रही थीं। तभी कुछ लोगों ने आशीर्वाद लेने के बहाने हाथ देकर रोका। कल्याणी के गाड़ी से बाहर आते ही उन पर चाकू से हमला कर दिया। बचाने दौड़े शिष्यों पर भी हमला किया गया। 9 फरवरी को परी अखाड़े की जगद्गुरु हिमांगी सखी ने कल्याणी नंद गिरी समेत आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, कौशल्या नंद गिरी पर मारने-पीटने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
महाकुंभ में 16 से 18 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल होगा। इसमें लगभग 200 प्रजातियों के पक्षियों का महाकुंभ भी होगा। इसमें लुप्तप्राय इंडियन स्कीमर, फ्लेमिंगो और साइबेरियन क्रेन आदि का दीदार कर सकेंगे। यहां साइबेरिया, मंगोलिया, अफगानिस्तान समेत 10 से अधिक देशों से साइबेरियन पक्षी का भी दीदार होगा। फेस्टिवल के दौरान फोटोग्राफी, पेंटिंग, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी समेत अनेक प्रतियोगिताएं होंगी। इनके विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय बर्ड फेस्टिवल भारतीय संस्कृति, प्रकृति प्रेम व वैज्ञानिक दृष्टिकोण का अनूठा मिश्रण होगा।