ई-पेपर

बेंगलुरु रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट-आरोपियों की NIA कोर्ट में पेशी आज


कल बंगाल से हुई थी गिरफ्तारी; CCTV फुटेज में होटल रूम बुक करते आए नजर

बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट के दोनों आरोपियों की आज बेंगलुरु की स्पेशल NIA कोर्ट में पेशी होगी। कोर्ट लाने से पहले दोनों को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया है। NIA ने 12 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के पुरबा मेदिनीपुर जिले से दोनों को गिरफ्तार किया था। इनके नाम अब्दुल मतीन ताहा और मुसाविर हुसैन शाजिब हैं।

3 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लाए गए दोनों आरोपियों को पहले बेंगलुरु के फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी डायरेक्टरेट में रखा गया। NIA के मुताबिक, 1 मार्च को शाजिब ने कैफे में IED रखा था, जबकि ताहा ने इसका पूरा प्लान तैयार किया था।

NIA ने 5 अप्रैल को बताया था कि मुसाविर हुसैन शाजिब मुख्य आरोपी और अब्दुल मतीन ताहा सह-आरोपी है। दोनों ही कर्नाटक के शिवमोगा जिले के तीर्थहल्ली के रहने वाले हैं।

शनिवार को ताहा और शाजिब का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वे 23 मार्च को होटल बुक करते नजर आ रहे हैं।

दोनों की तलाश में 18 ठिकानों पर छापेमारी हुई थी
NIA ने दोनों की तलाश में कर्नाटक, तमिलनाडु और UP के 18 ठिकानों पर छापेमारी की थी। 29 मार्च से दोनों पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इससे पहले जांच एजेंसी ने ब्लास्ट केस में BJP कार्यकर्ता साई प्रसाद को भी हिरासत में लिया था। NIA का कहना है कि साई का कैफे ब्लास्ट के आरोपियों से कनेक्शन है।

भाजपा मीडिया सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने दावा किया था कि दोनों आरोपी कोलकाता से पकड़े गए हैं, लेकिन बंगाल पुलिस ने उनके दावे का खंडन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की सही लोकेशन बताई। जहां से आरोपी पकड़े गए, वह पुरबा मेदनीपुर जिला कोलकाता से 180 किलोमीटर दूर है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?