ई-पेपर

भाजपा कल 100-120 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर सकती है


चुनाव कमेटी की दिल्ली में पहली बैठक होगी, मोदी-शाह शामिल होंगे

2024 लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा केंद्रीय चुनाव कमेटी (CEC) की पहली बैठक दिल्ली में गुरुवार (29 फरवरी) को होगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा करेंगे। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत शीर्ष नेता शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए 100 से 120 सीटों पर कैंडिडेट घोषित किए जा सकते हैं। बैठक के दौरान नेताओं द्वारा 2014 के लोकसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हारी हुई सीटों पर चर्चा होने की संभावना है।

इसके अलावा पार्टी अध्यक्ष नड्डा बुधवार (28 फरवरी) शाम को कोर ग्रुप कमेटी की बैठक करेंगे। इसमें अमित शाह, बीएल संतोष, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रीय अधिवेशन में मोदी ने GYAN का मंत्र दिया
भाजपा ने इसी महीने दिल्ली में दो दिवसीय (17-18 फरवरी) राष्ट्रीय अधिवेशन किया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को GYAN- गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर फोकस करने का मंत्र दिया था। लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इन चार वर्गों तक पहुंचने के प्रयासों के तहत मैदान में उतरेंगे और बड़े पैमाने पर प्रचार करेंगे।

मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को 3 टास्क दिए

  1. भाजपा को 370 और NDA को 400 पार पहुंचाना है। हर बूथ पर पार्टी को 370 वोट बढ़ाने होंगे। 100 दिनों का जनसंपर्क अभियान चलाना है। भाजपा के पिछले 10 साल के कामों का प्रचार करना है। मंडल प्रभारी हर एक पन्ना प्रमुख से 30 दिन में कम से कम एक बार मिलेंगे।
  2. हर बूथ पर भाजपा के कार्यकर्ता अगले 100 दिन तक पिछली बार मिले वोटों में कम से कम 370 वोट बढ़ाएं। फर्स्ट टाइम वोटर को पूरी ताकत से भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करें। महिलाओं को मात्र वोटर नहीं समझें बल्कि माताओं, बहनों का आशीर्वाद प्राप्त करें।
  3. देश में 10 लाख 35 हजार बूथ हैं, यानी एक लोकसभा क्षेत्र में करीब 1900 बूथ। अगर हर बूथ पर 370 वोट जोड़े गए, तो एक लोकसभा क्षेत्र में 7 लाख वोट और पूरे देश में 38 करोड़ वोटर जोड़ने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?