ई-पेपर

बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में बम ब्लास्ट, 9 घायल


CM सिद्धारमैया ने पुष्टि की; कैफे से जली बैटरी और बैग मिला, NIA पहुंची

बेंगलुरु के मशहूर रामेश्‍वरम कैफे में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे विस्‍फोट हुआ। घटना में कैफे के 3 स्टाफ और 2 ग्राहक समेत 9 लोग घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये खतरे से बाहर हैं। कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने बम ब्लास्ट की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि यह एक लो इंटेंसिटी का ब्लास्ट था। एक शख्स कैफे में बैग छोड़कर गया, जिसके बाद विस्फोट हुआ।

घटना की सूचना पर पुलिस, बम स्क्वॉड, फॉरेंसिक और NIA की टीम भी जांच के लिए मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस ने बताया कि जब हम मौके पर पहुंचे तो कैफे की दीवार पर लगा शीशा टूटकर टेबल पर बिखरा पड़ा था। व्हाइटफील्ड फायर स्टेशन के एक अफसर ने कहा कि उन्हें कैफे में सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैफे में धमाके वाली जगह से बैटरी, जला हुआ बैग और कुछ आईडी कार्ड मिले हैं। इसके आधार पर विस्फोट को लेकर साजिश की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। राज्य के गृहमंत्री ने कहा- धमाका एक सिटिंग एरिया में हुआ और वहां कोई सिलेंडर नहीं था। मामले की जांच कर रहे हैं।

उधर, घटना को लेकर भाजपा के दो सांसदों ने पहले ही संदेह जताया था। सबसे पहले बेंगलुरु सेंट्रल से भाजपा सांसद पीसी मोहन ने इसे रहस्यमयी घटना बताया। इसके बाद बेंगलुरु साउथ से भाजपा सांसद और BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि यह बम विस्फोट का मामला हो सकता है।

पुलिस ने रामेश्‍वरम कैफे के आसपास घेराबंदी कर दी है। कैफे के अंदर जाने पर फिलहाल रोक है।
पुलिस ने रामेश्‍वरम कैफे के आसपास घेराबंदी कर दी है। कैफे के अंदर जाने पर फिलहाल रोक है।

DGP आलोक मोहन क्या बोले
कर्नाटक के DGP आलोक मोहन ने कहा- बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड में एक कैफे में विस्फोट हुआ है। मैं घटनास्थल पर गया था। CM और गृह मंत्री को घटना की पूरी जानकारी दे दी गई है। 9 लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच चल रही है। फॉरेसिंक टीम से रिपोर्ट ली जाएगी।

DGP आलोक मोहन बोले कि मामले की जानकारी CM को दे दी गई है।
DGP आलोक मोहन बोले कि मामले की जानकारी CM को दे दी गई है।

CM की विपक्ष से अपील- राजनीति न करें
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि हमारी जांच में सामने आया है कि किसी शख्स ने 12:00 बजे के आसपास एक बैग रखा था। इसमें 8 लोग घायल हुए हैं। हम लोग CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं। हमें पता चला है कि किसी ने वहां पर जानबूझकर बैग रखा था। यह एक इंप्रोवाइज्ड ब्लास्ट है। यह नहीं होना चाहिए था और हम सुनिश्चित करेंगे कि आगे भी ऐसा ना हो।

साथ ही CM ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर कोई भी राजनीति नहीं होनी चाहिए। हम विपक्ष से यह डिमांड करते हैं कि वह हमें इस मुद्दे पर सहयोग करें। यह एक लो इंटेंसिटी का ब्लास्ट था।

घटना पर चश्मदीद के बयान
सबरीश कुंडली: दोपहर करीब 1 बजे हमने एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी। हम मौके पर पहुंचे और हमने इलाके के चारों ओर काला धुआं देखा। हमने 5-6 लोगों को घायल देखा। इन्हें पास के अस्पताल ले गए।

एडिसन: हम लंच करने कैफे आए हुए थे। करीब 1 बजे हमने एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी। मैंने लोगों को यह कहते हुए सुना कि यह एक सिलेंडर विस्फोट था। अंदर करीब 35-40 लोग थे। घायलों में करीब 4 कर्मचारी शामिल हैं। अचानक एम्बुलेंस आई और घायलों को पास के अस्पताल ले गई।

सिक्योरिटी गार्ड: मैं रोज की तरह कैफे के बाहर अपनी ड्यूटी कर रहा था। होटल में कई ग्राहक आए थे। अचानक एक जोरदार आवाज आई और आग लग गई, जिससे होटल के अंदर मौजूद ग्राहक घायल हो गए।

तेजस्वी सूर्या बोले- बम विस्फोट का मामला, CM जवाब दें
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि रामेश्वरम कैफे के फाउंडर नागराज से उनके कैफे में हुए विस्फोट के बारे में बात हुई। उन्होंने मुझे बताया कि विस्फोट एक ग्राहक द्वारा छोड़े गए बैग के कारण हुआ है। सूर्या ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से बम विस्फोट का मामला दिख रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मामले में जवाब दें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?