महाकुंभ से कोटा होते हुए MP लौट रहे थे श्रद्धालु, 2 गंभीर घायल
दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार बस खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। घायलों को कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। श्रद्धालु महाकुंभ (प्रयागराज) से मंदसौर (मध्य प्रदेश) लौट रहे थे। हादसा गुरुवार सुबह सिमलिया (कोटा) इलाके के करोडिया के पास हुआ।
सिमलिया थाना ASI हरिराज सिंह ने बताया- हादसा सुबह साढ़े 6 बजे के आसपास हुआ। बस में करीब 56 यात्री सवार थे। सभी यात्री एमपी के मन्दसौर के रहने वाले हैं। प्रयागराज से स्नान करके वापस मन्दसौर लौट रहे थे। सुबह के वक्त हाईवे पर एक ट्रक खड़ा था। बस खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में बस में सवार 5 यात्री गम्भीर घायल हुए। जिन्हें एम्बुलेंस की मदद से कोटा रेफर किया गया। बाकी यात्री सुरक्षित है। सिमलिया थाना ASI शिवराज सिंह ने बताया कि 3 यात्रियों की मौत हुई है जबकि 2 घायल है। शव को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया जा रहा है।