विधायक लेंगे शपथ, CAG की 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश होंगी – CM रेखा गुप्ता
दिल्ली विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। यह 27 फरवरी तक चलेगा। 26 को शिवरात्रि की वजह से छुट्टी रहेगी। पहले दिन प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली को LG वीके सक्सेना शपथ दिलाएंगे। उसके बाद प्रोटेम स्पीकर विधायकों को शपथ दिलाएंगे। इसी सत्र में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर चुना जाएगा। रोहिणी से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता का स्पीकर बनना लगभग तय है। वहीं मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर बनाया जा सकता है। विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को CM रेखा गुप्ता से मुलाकात की थी।
दिल्ली विधानसभा बुलेटिन के अनुसार, एलजी सक्सेना 25 फरवरी को विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट पेश की जाएगी। फिर LG के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए विधानसभा में चर्चा होगी। CM रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि विधानसभा के इसी सत्र में CAG की सभी 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश की जाएंगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि AAP सरकार की गलत शराब नीति से दिल्ली को 2026 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
CAG रिपोर्ट और महिला सम्मान योजना पर घमासान के आसार
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार का एकमात्र एजेंडा विकसित दिल्ली सुनिश्चित करना तथा लोगों की पीड़ा एवं समस्याओं को दूर करना है। सचदेवा ने आरोप लगाया कि आप के पास CAG रिपोर्ट पेश करने के लिए पर्याप्त समय था। बजाय इसके वह अब यह दिखावा करे कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के कारण रिपोर्ट पेश नहीं की जा सकी। 26 साल बाद दिल्ली में वापसी कर रही भाजपा 2015-2024 के दौरान CAG की लंबित 14 रिपोर्टों में बताई गई अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर आप पर हमला करेगी। आप ने कहा है कि वह सत्ता में आने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में भाजपा द्वारा दिल्ली की महिलाओं को 2,500 रुपए देने की चुनावी योजना को पारित न करने का मुद्दा उठाएगी।
दिल्ली कैबिनेट की पहली बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को दिल्ली की CM पद की शपथ ली थी। इसके बाद अपने 6 मंत्रियों के साथ सचिवालय में पहली कैबिनेट मीटिंग की थी। एक घंटे की इस बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने और विधानसभा के सत्र में 14 CAG रिपोर्ट्स पेश करने को मंजूरी दी गई थी। बैठक के बाद शाम के वक्त वे अपने मंत्रिमंडल के साथ यमुना घाट पहुंची थी। उन्होंने यहां नदी की आरती की थी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई बड़ा मुद्दा रहा है। भाजपा ने भी अपने मेनिफेस्टो में यमुना की सफाई का वादा किया है।