ई-पेपर

सोने की कीमत ऑल टाइम हाई


यह 64,404 रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा, चांदी भी 72 हजार के पार निकली

सोना आज यानी मंगलवार (5 मार्च) को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, 10 ग्राम सोना 924 रुपए महंगा होकर 64,404 रुपए का हो गया है। इससे पहले 4 दिसंबर को सोने ने अपना ऑल टाइम हाई बनाया था। तब इसकी कीमत 63,805 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।

वहीं चांदी में भी आज बढ़त देखने को मिल रही है। ये 1,261 रुपए महंगी होकर 72,038 रुपए प्रति किलो ग्राम पर पहुंच गई है। इससे पहले ये 70,777 रुपए पर थी। चांदी ने भी बीते साल 4 दिसंबर को ही ऑलटाइम हाई बनाया था। चांदी 77 हजार के पार पहुंच गई थी।

सोने में तेजी के 4 कारण:

  • 2024 में दुनियाभर में मंदी की आशंका
  • शादी के सीजन से सोने की डिमांड बढ़ी
  • डॉलर इंडेक्स में कमजोरी आई है
  • दुनियाभर के केंद्रीय बैंक सोना खरीद रहे

फरवरी में सोने में रही थी गिरावट
फरवरी में सोने-चांदी के दामों में गिरावट देखने को मिली थी। महीने की शुरुआत यानी 1 फरवरी को सोना 62,775 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो 29 फरवरी को 62,241 रुपए पर आ गया था। यानी बीते महीने में इसकी कीमत में 534 रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई। वहीं चांदी भी 71,153​ रुपए प्रति किलोग्राम से गिरकर ​​​​​​69,312 रुपए पर आ गई थी।

सोना खरीदते समय इन 4 बातों का रखें ध्यान

1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होगा। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।

ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।

2. कीमत क्रॉस चेक करें
सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्‍योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है।

कैरेट के हिसाब से ऐसे चैक करें कीमत: मान लीजिए 24 कैरेट सोने का दाम 60 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत हुई 6000 रुपए। ऐसे में 1 कैरेट शुद्धता वाले 1 ग्राम सोने की कीमत हुई 6000/24 यानी 250 रुपए।

अब मान लीजिए आपकी ज्वेलरी 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी है तो 18×250 यानी इसकी कीमत 4,500 रुपए प्रति ग्राम हुई। अब आपकी ज्वेलरी जितने भी ग्राम की है उसमें 4,500 रुपए का गुणा करके सोने की सही कीमत निकाली जा सकती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?