ई-पेपर

हरियाणा CM खट्टर ने कैबिनेट समेत इस्तीफा दिया


भाजपा-जजपा गठबंधन टूटा, ऐलान बाकी; CM चेहरा बदला जा सकता है

लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा और जननायक जनता पार्टी(JJP) का गठबंधन टूट गया है। बस ऐलान बाकी है। माना जा रहा है कि जजपा हरियाणा में 1 से 2 लोकसभा सीटें मांग रही थी, जबकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन सभी 10 सीटों पर खुद लड़ने के पक्ष में है। यही टूट की वजह है।

नड्डा से मिले JJP लीडर दुष्यंत, नहीं बनी बात

JJP के राष्ट्रीय महासचिव और हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मुलाकात की थी। इसके बाद CM मनोहर लाल खट्‌टर ने चंडीगढ़ में सोमवार रात और फिर मंगलवार सुबह 11 बजे इमरजेंसी मीटिंग बुला ली। इसमें सभी मंत्री-विधायक और सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक शामिल हुए।

इसके बाद दुष्यंत चौटाला भी दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने अमित शाह से मिलने का समय मांगा है।

हरियाणा सरकार में मौजूदा स्थिति पर 2 बड़े सवाल और उनके जवाब…

1. जजपा से गठबंधन टूटने का संकेत कैसे मिला?
डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मिले। उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। हालांकि पहले वे हर बार मीटिंग के बाद मीडिया से बात जरूर करते थे। चौटाला-नड्‌डा की मुलाकात के बाद भाजपा की ओर से भी गठबंधन को लेकर किसी भी नेता के द्वारा कोई बयान नहीं दिया गया।

2. क्या भाजपा सरकार गिरने का खतरा है?

हरियाणा में 90 विधानसभा सीटें हैं। इनमें 41 भाजपा, 30 कांग्रेस, 10 जजपा, 1 इनेलो, 1 हलोपा और 7 निर्दलीय हैं। बहुमत के लिए 46 सीटें चाहिए। अभी भाजपा-जजपा की गठबंधन की सरकार भाजपा के 41, जजपा के 10 और एक निर्दलीय रणजीत चौटाला सरकार में है। अगर जजपा गठबंधन तोड़ देती है तो भाजपा के पास 41, 7 निर्दलीय और एक हलोपा विधायक का समर्थन है। ऐसे में भाजपा के पास बहुमत के 46 के आंकड़े से 3 ज्यादा सीटें बन रही हैं।

अनिल विज सीएम के साथ मौजूद

हरियाणा में सीएम चेहरा बदलने की अटकलों के बीच गृहमंत्री अनिल विज CM मनोहर लाल के साथ नजर आ रहे हैं। हरियाणा निवास से भी वह मनोहर लाल खट्‌टर के साथ ही उनकी गाड़ी में बैठकर गए। ऐसे में अनिल विज की भूमिका महत्वपूर्ण नजर आ रही है।

हरियाणा में नया सीएम चेहरा संभव

सूत्रों के मुताबिक हरियाणा में नया सीएम बनाया जा सकता है। सीएम मनोहर लाल खट्टर को करनाल से लोकसभा चुनाव लड़वाया जा सकता है।

इस बार दो डिप्टी CM होंगे

इस बार बीजेपी की सरकार में मुख्यमंत्री के साथ-साथ दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। इसके लिए रणजीत सिंह चौटाला और एक निर्दलीय विधायक का नाम सामने आया है। सूत्रों के अनुसार आदमपुर से भव्य बिश्नोई को भी कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?