ई-पेपर

मोदी बोले-इंडी गठबंधन वाले परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं


कहा- कांग्रेस के शहजादे हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश करने की बात करते हैं

पीएम मोदी ने शुक्रवार को दूसरी चुनावी रैली राजस्थान के बाडमेर में की। यहांं आरोप लगाया कि इंडी गठबंधन के दल देश से परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं पूछना चाहता हूं कि आप किसके इशारे पर काम कर रहे हैं, जो भारत को शक्तिहीन करना चाहता है। आखिर किसके दबाव में आपका गठबंधन हमारी परमाणु ताकत को खत्म करना चाहता है।’

इसके साथ ही मोदी ने कांग्रेस पर संविधान को लेकर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि ये 400 सीट की बात इसलिए हो रही है, क्योंकि आपने दस साल अच्छे काम करने से मुझे रोकने की कोशिश की है। देश आपको सजा देना चाहता है।

उन्होंने कहा, ‘जहां तक संविधान का सवाल है, तो लिखकर ले लीजिए कि बाबा साहेब अंबेडकर खुद आ जाएं तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते हैं। हमारा संविधान हमारे लिए गीता है, रामायण है, बाइबल है, कुरान है। यह चुनाव लोकतंत्र को मजबूत करने का चुनाव है। कांग्रेस ने 5 दशक से ज्यादा देश पर हुकूमत की, लेकिन एक भी ऐसी बड़ी समस्या नहीं है, जिसका पूरा समाधान दिया हो।’

कांग्रेस कब्जे के डर से सीमावर्ती गांवों का विकास नहीं करती थी

माेदी ने कहा, ‘राजस्थान के रेगिस्तान में महिलाएं कहती थीं कि घी ढुल जाए तो मेरा कुछ नहीं जाएगा, लेकिन पानी नहीं ढुलना चाहिए। मोदी ने इस समस्या को दूर करने के लिए जल जीवन मिशन की शुरुआत की, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसमें भी भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस की सोच ही विकास विरोधी है।’

मोदी ने कहा कि देश के सीमावर्ती गांवों को वे जानबूझकर विकास से दूर रखते थे। वे कारण बताते थे कि सीमा के पास विकास होगा तो दुश्मन के कब्जा करने की संभावना बढ़ जाएगी। ये शर्म की बात है। किस दुश्मन के कलेजे में हिम्मत है कि वो बाड़मेर की सीमा में कब्जा करने की सोचे। हम देश के सीमावर्ती गांव को पहला गांव मानते हैं।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भारत को सिर्फ जमीन का टुकड़ा मानती है। कांग्रेस अध्यक्ष कहते हैं कि कश्मीर से 370 हटाई तो राजस्थान से क्या वास्ता? ये राजस्थान की राष्ट्रभक्ति पर सवाल करने की हिम्मत करते हैं। जिस राजस्थान के वीरों ने कश्मीर के लिए सीने पर गोली खाई, उससे पूछते हो कि कश्मीर से क्या वास्ता? जिस राजस्थान में कश्मीर में जन्में बाबोसा रामदेवजी की घर-घर में पूजा होती हो, उससे पूछते हो कि कश्मीर में क्या वास्ता? राजस्थान ने कश्मीरी पंडितों को गले लगाया था, उन्हें पता नहीं होगा कि कारगिल के लोग ईरान गए थे। वहां कोविड में फंस गए थे। उन्हें वापस लाना था। उन्हें हिंदुस्तान लाकर राजस्थान की वीर भूमि जैसलमेर में रखा गया। माइनस तापमान में रहने वाले यहां तपती गर्मी में रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?