ई-पेपर

हिमाचल में PM मोदी की रैली


बोले- कांग्रेस सारे आरक्षण खत्म कर जिहादी वोट बैंक मुसलमानों को देना चाहती है; राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का बहिष्कार किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के सिरमौर में पहुंच गए हैं। वह नाहन में रैली को संबोधित कर रहे हैं। यह इलाका शिमला लोकसभा सीट में आता है। शिमला से भाजपा ने मौजूदा सांसद सुरेश कश्यप को उम्मीदवार बनाया है। उनके खिलाफ कांग्रेस ने 6 बार के सांसद केडी सुल्तानपुरी के विधायक विनोद सुल्तानपुरी को टिकट दी है। इसके बाद पीएम मोदी मंडी के पड्‌डल ग्राउंड में रैली करेंगे। जहां से BJP ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार मंत्री विक्रमादित्य से है।

प्रधानमंत्री ने कहा- वह आज कांग्रेस और इंडी गठबंधन की साजिश से सावधान करने आए हैं। उनके दिल में आग है। ये भारत को तबाह करने के लिए कैसे-कैसे खेल-खेल रहे हैं। संविधान में एससी, एसटी समुदाय को आरक्षण दिया, कांग्रेस सारे आरक्षण खत्म करके वोट बैंक मुसलमानों को दे देना चाहती है। ये सिर्फ बातें नहीं करते। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनने के बाद ओबीसी के अधिकार छीनकर मुसलमानों को दे दिए।

प्रधानमंत्री ने इंडी गठबंधन को घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी बताया। उन्होंने कहा कि 60 सालों तक कांग्रेस ने सोचा ही नहीं कि सामान्य वर्ग में भी गरीब होते हैं। उनकी परवाह ही नहीं की। उनको भी आरक्षण की जरूरत है। कांग्रेस ने इस समाज के बारे में कभी सोचा ही नहीं। मैंने उनके गरीब बच्चों के लिए 10 फीसदी आरक्षण किया। इससे लोगों को अलग अलग स्थान पर अवसर मिल रहे हैं। कांग्रेस ने हाटी समुदाय को भी आरक्षण नहीं दिया, उनकी सरकार ने हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा दिया।

उन्होंने कहा- एक तरह मोदी की गारंटी , दूसरी तरफ झूठ की गारंटी। हिमाचल में भी कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में कई गारंटी दी। पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरी बोली। पहली कैबिनेट में कुछ हुआ तो नहीं बल्कि कैबिनेट ही टूट गई। महिलाओं को 1500 रुपए नहीं मिला। कांग्रेस ने गोबर का पैसा देने का वादा किया था।

ये अब ज्यादा दिन रहने वाले नहीं है। ये तालाबाज सरकार आपके भविष्य का ताला नहीं खोल सकती। उन्होंने कहा कि नौकरी की परीक्षा कराने वाले आयोग को ही इन्होंने ताला लगा दिया। दिल्ली से शाही परिवार ने हिमाचल को धोखा दिया, उसने मुड़कर अपनी शक्ल तक नहीं दिखाई।

वह पिछले 30 साल से हिमाचल की जनता के बीच रहे। शायद ही कोई ऐसा साल होगा, जब उन्होंने यहां की मिट्‌टी को अपने माथे पर न चढ़ाया है। वह हिमाचल का कर्ज उतारने के मौके की तलाश में रहते हैं।

मोदी आपके लिए जान की बाजी लगा देगा: PM

उन्होंने कहा कि मोदी आपके लिए जान की बाजी लगा देगा। आप पर आंच नहीं आने देगा। लोगों ने कांग्रेस का दौर देखा है। उस समय पाकिस्तान हमारे सिर पर चढ़कर नाचता था। कांग्रेस की कमजोर सरकार दुनिया में गुहार लगाती फिरती थी। भारत अब दुनिया के पास भीख नहीं मांगेगा। भारत अपनी लड़ाई खुद लड़ेगा। फिर भारत ने घर में घुसकर मारा। आज देखिए पाकिस्तान की क्या हालत हो गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?