ई-पेपर

रामलाल मालवीय ने कांग्रेस छोड़ी


BJP का दावा- आज 1 लाख जॉइन करेंगे; बसपा नेता बोले- भाजपा को कांग्रेस चला रही

भारतीय जनता पार्टी शनिवार को अपना स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी का दावा है कि प्रदेश में 64523 बूथों पर हो रहे कार्यक्रमों में 1 लाख कांग्रेस या दूसरे दलों के लोग BJP जॉइन करेंगे।

BJP के इस दावे पर मध्यप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के स्टार प्रचारक अवधेश प्रताप सिंह राठौर ने कहा, ‘मैं BJP से ये पूछना चाहता हूं कि आप ही लोग ये कहते थे कि कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने के लिए लोग नहीं हैं। अब जिस पार्टी के पास चुनाव लड़ने के लिए नेता नहीं हैं, तो आप कौन से 1 लाख कांग्रेसियों को भाजपा में शामिल कर रहे हैं।’

उन्होंने कहा, ‘मेरी एक सलाह है कि भाजपा कार्यालय पर अब ये लिख देना चाहिए- कांग्रेस द्वारा आउटसोर्ट पर संचालित भाजपा। कांग्रेस के लोग भाजपा चला रहे हैं। अजय विश्नोई, कैलाश विजयवर्गीय जैसे पुराने खांटी भाजपाइयों को कहना पड़ रहा है कि जिनकी गालियां सुनीं, उन्हें लेना पड़ रहा है। मजबूरी में स्वागत करना पड़ रहा है। जो कांग्रेसी भाजपा में जा रहे हैं, वे भी आउटसोर्स वर्कर हैं।’

तीन बार के विधायक हैं रामलाल मालवीय
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज उज्जैन के घटि्टया से पूर्व विधायक रामलाल मालवीय समेत 3 दर्जन से अधिक कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो गए। 3 बार के विधायक मालवीय, दिग्विजय सिंह के भरोसेमंद और करीबी माने जाते रहे हैं। वे 6 बार कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़े। रिटायर डिप्टी कलेक्टर रमेश चंद्र सक्सेना ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

वीडी शर्मा बोले- अंतिम छोर के व्यक्ति का कल्याण हमारा लक्ष्य
पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ‘दुनिया का सबसे बड़ा दल हमारा है। तकनीक से युक्त BJP देश में कोने-कोने में खड़ी है। हम मोदी बूथ और डिजिटल बूथ बना चुके हैं। अंतिम छोर के व्यक्ति का कल्याण हमारा लक्ष्य है। कोई भी गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा, संकल्प लेते हैं। आज दुनिया में गरीबों के मसीहा PM नरेंद्र मोदी हैं।’

CM बोले- गरीबों के खिलाफ कोई भी काम बर्दाश्त नहीं

स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम भोपाल में प्रदेश कार्यालय में हुआ। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने पार्टी का ध्वज फहराया। CM डॉ. यादव ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने दिग्विजय सिंह के लिए कहा कि वे हार के डर से आजकल पैदल घूम रहे हैं। कमलनाथ के लिए कहा कि उन्होंने मैदान ही छोड़ दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस ने देश को दुराचार में डाल दिया था। भाजपा जनकल्याणकारी काम कर रही है। कांग्रस ने संतों का सम्मान कभी नहीं किया, हमने संत को राज्यसभा पहुंचाया। PM मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत की तरफ देख रही है। सरकार चलाने में संवेदनशीलता होती है। सरकार गरीबों के खिलाफ कोई भी काम कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।’


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?