ई-पेपर

ऋतुराज गायकवाड बने CSK के कप्तान


धोनी ने कमान छोड़ी; RCB से पहला मैच खेलेगी टीम

चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-2024) की शुरुआत से एक दिन पहले कप्तान बदलने की घोषणा की है। टीम को 5 बार चैंपियन बना चुके महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है।

उनकी जगह 27 साल के युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड टीम की कमान संभालेंगे। वे फ्रेंचाइजी के चौथे कप्तान बने हैं। इससे पहले, एमएस धोनी, सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा टीम की कमान संभाल चुके हैं।

CSK ने बयान जारी कर कहा- ‘एमएस धोनी ने IPL 2024 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड को सौंप दी है। गायकवाड 2019 से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं और उन्होंने इस दौरान IPL में 52 मैच खेले हैं। टीम आगामी सीजन का इंतजार कर रही है।’ इस सीजन का ओपनिंग मैच चेन्नई और बेंगलुरु के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में शुक्रवार को खेला जाएगा।

भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं गायकवाड, एशियाड का गोल्ड दिलाया
युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम को लीड कर चुके हैं। वे 2022 में चीन में खेले गए एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष टीम के कप्तान बनाए गए थे। उन गेम्स में गायकवाड ने भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था।

2022 में भी धोनी ने छोड़ी थी कप्तानी
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इससे पहले 2022 के सीजन में भी कप्तानी छोड़ी थी, तब रवींद्र जडेजा को कैप्टन बनाया गया था, लेकिन टीम के खराब प्रदर्शन के कारण जडेजा ने बीच सीजन में ही कप्तानी छोड़ दी और फिर से धोनी को कमान संभालनी पड़ी। इसके बाद 2023 सीजन में धोनी ने चेन्नई को अपनी लीडरशिप में 5वीं बार चैंपियन बनाया।

2020 सीजन से CSK के लिए खेल रहे गायकवाड
महाराष्ट्र की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले गायकवाड 2020 सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा हैं। अब तक चार सीजन में उन्होंने 52 मैच खेले हैं और 39.07 की औसत और 135.52 के स्ट्राइक रेट से 1797 रन बना चुके हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?