ई-पेपर

दिल्ली विधानसभा सत्र का दूसरा दिन


CAG की 14 पेंडिंग रिपोर्ट होंगी पेश, पहले दिन अंबेडकर-भगत सिंह की तस्वीरों पर हंगामा

दिल्ली विधानसभा सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। आज LG विनय कुमार सक्सेना विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद भाजपा सरकार की ओर से CAG की सभी 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश की जाएगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की गलत शराब नीति से दिल्ली को 2026 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। LG के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए विधानसभा में चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक भाजपा जहां शराब नीति को लेकर पुरानी आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर हमलावर रहेगी। वहीं AAP दिल्ली की महिलाओं को प्रधानमंत्री मोदी के 2500 रुपए देने के वादे की देरी पर सरकार को घेरेगी।

दिल्ली विधानसभा में आज पेश की जाने वाली CAG रिपोर्ट पर दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, CAG रिपोर्ट AAP के काले कारनामों का चिट्ठा है। चुनाव में हमने दिल्ली की जनता से वादा किया था कि जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, उसे जवाब देना होगा। आज हमें उम्मीद है कि LG के भाषण के बाद जब CAG रिपोर्ट पेश होगी, तो सारे काले कारनामे दिल्ली की जनता के सामने आएंगे।

विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी सोमवार को AAP विधायकों के साथ CM रेखा गुप्ता से मिलने पहुंची थीं। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि 2 दिनों से मुख्यमंत्री ने हमें समय नहीं दिया। आज सत्र के दौरान हम रेखा गुप्ता जी से मिलने गए।आतिशी ने कहा था कि हमने CM से कहा कि पहली कैबिनेट में किया गया वादा झूठा साबित हो रहा है। हमें उम्मीद है कि 8 मार्च को महिला सम्मान योजना की पहली किस्त 2500 रुपए हर दिल्ली की महिला के खाते में जरूर आएगी। आतिशी ने पार्टी विधायकों के साथ मिलकर CM गुप्ता के दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

नेता प्रतिपक्ष आतिशी और AAP विधायकों ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आते ही दिल्ली CM ऑफिस से बाबा साहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें हटा दी गई है। आतिशी और AAP ने X अकाउंट पर AAP सरकार और मौजूदा भाजपा सरकार के दौरान CM ऑफिस की तस्वीरें पोस्ट की।

विधानसभा में AAP ने हंगामा और नारेबाजी की। स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कहा- विपक्ष गैर जिम्मेदाराना व्यवहार कर रहा है। आपको इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाना चाहिए। विपक्ष नहीं चाहता कि सदन सुचारु रूप से चले। इसके बाद सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। आतिशी अपने विधायकों के साथ सदन से बाहर आ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दलित विरोधी है। क्योंकि दफ्तर से तस्वीरें हटाई गई हैं। AAP के आरोप के कुछ घंटे बाद दिल्ली भाजपा ने CM ऑफिस की एक तस्वीर X पर शेयर की। कहा- AAP झूठ बोल रही है। CM ऑफिस में अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगी हैं। बस उनकी जगह बदली गई है।

रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को दिल्ली की CM पद की शपथ ली थी। इसके बाद अपने 6 मंत्रियों के साथ सचिवालय में पहली कैबिनेट मीटिंग की थी। एक घंटे की इस बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने और विधानसभा के सत्र में 14 CAG रिपोर्ट्स पेश करने को मंजूरी दी गई थी। बैठक के बाद शाम के वक्त वे अपने मंत्रिमंडल के साथ यमुना घाट पहुंची थी। उन्होंने यहां नदी की आरती की थी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई बड़ा मुद्दा रहा है। भाजपा ने भी अपने मेनिफेस्टो में यमुना की सफाई का वादा किया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?