ई-पेपर

दिल्ली में मतदान समाप्त


कतार में लगे लोग अब भी डाल रहे वोट, 5 बजे तक 57.70% मतदान; नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में सबसे ज्यादा 63.83% वोटिंग

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए वोटिंग का टाइम खत्म हो गया है। अब जो बूथों पर लाइन में लगे हैं, उनके ही वोट डाले जा रहे हैं। शाम 5 बजे तक 57.70% वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा 63.83% मतदान नार्थ-ईस्ट दिल्ली में हुआ। यह भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, LG वीके सक्सेना, विदेश मंत्री एस जयशंकर, मुख्यमंत्री आतिशी और राहुल गांधी वोट डाल चुके हैं। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने मां सोनिया और पति- बेटे के साथ वोट डाला। अरविंद केजरीवाल अपने माता-पिता को व्हीलचेयर पर लेकर वोट डालने पहुंचे।

AAP विधायक पर फ्लाइंग किस देने के आरोप में FIR वोटिंग के दौरान AAP के 2 विधायकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। दिनेश मोहनिया के खिलाफ एक महिला ने फ्लाइंग किस देने का केस दर्ज कराया। ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि सीलमपुर में बुर्के में महिलाओं से फर्जी मतदान करवाया जा रहा है। इस दौरान आप और भाजपा समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए, जिससे हंगामा होने लगा। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने माना कि किसी और के नाम पर दूसरे लोग वोट डाल गए। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने जांच में कहा कि नाम एक जैसे होने की वजह से कंफ्यूजन हुआ। इसके बाद यहां पुलिस जांच कर रही है। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि नॉर्थ एवेन्यू एन ब्लॉक में 2000-3000 रुपए बांटे गए और लोगों की उंगलियों पर स्याही लगाई गई। यह सब चुनाव आयोग की नाक के नीचे हो रहा है।

दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पंकज ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। उनका चुनाव चिन्ह एक जूता है, जिसे वह भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एक ताकतवर प्रतीक मानते हैं। पंकज ने कहा- अगर मैं जीतता हूं तो विधानसभा में जाऊंगा, और अगर हारता हूं तो अपनी ड्यूटी पर वापस लौट जाऊंगा। मैं पिछले 40 साल से दिल्ली में रह रहा हूं और पिछले 22 साल से दिल्ली पुलिस में सेवा दे रहा हूं। मैं दिल्ली के लोगों की समस्याओं और चुनौतियों को अच्छी तरह से जानता हूं। अगर मुझे मौका मिला, तो जनता के मुद्दों को हल करने के लिए काम करूंगा।

जंगपुरा सीट पर आम आदमी पार्टी के कैंडिडेट मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग नकदी बांट रहे हैं और बूथों के पास चार टेबल लगाकर बैठे हैं। शिकायत मिलने पर पहुंचे DCP साउथ ईस्ट रवि कुमार सिंह ने बताया- वहां चार टेबलें लगी थीं, जिनमें से तीन टेबल अलग-अलग उम्मीदवारों की थीं। दो अलग-अलग पार्टियों के और एक निर्दलीय उम्मीदवार की टेबल लगी थीं। चारों टेबल पास-पास थीं, इसलिए यह भ्रम पैदा हुआ कि चारों शायद बीजेपी की थीं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?