बलीचा में खेत का रास्ता रोकने को लेकर भिड़े दो पक्ष, 10-12 घायल; तीन गंभीर घायलों को उदयपुर रेफर किया
करण औदिच्य @ पाणुन्द.
कूण थाना क्षेत्र के बलीचा गांव में जमीन विवाद को लेकर सोमवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। खेत पर जाने के रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और खूनी संघर्ष में बदल गया।
दोनों पक्षों में लाठी, फावड़े और धारदार हथियार चलने के आरोप हैं। घटना में करीब 10-12 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें गंभीर रूप से घायल तीन जनों को उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया।घटना का सबसे अहम पहलू यह है कि जमीन विवाद को लेकर घटना से महज चार दिन पहले ही न्यायालय से स्टे आदेश प्राप्त हुआ था।

शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि स्टे आदेश की प्रति ग्राम पंचायत, कूण थाना पुलिस और संबंधित विभाग को भी उपलब्ध करवा दी गई थी। इसके बावजूद खेत पर जाने के रास्ते को लेकर विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
खेत पर जाते समय रास्ता रोकने का आरोप –
बलीचा निवासी ऊंकारलाल पुत्र वाला डांगी ने कूण थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि सोमवार को करीब 11:45 बजे वह कृषि कार्य के लिए अपने खेत की ओर जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में वेला पुत्र पुंजा डांगी, लालूराम पुत्र वेला डांगी, नारायण पुत्र वेला डांगी, उदा पुत्र वेला डांगी सहित अन्य लोग मिले और उसका रास्ता रोक लिया।रिपोर्ट के अनुसार खेत पर जाने से रोकने का कारण पूछने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
आरोप है कि इसके बाद शिकायतकर्ता के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी हमला –
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचे कालू पुत्र चुना डांगी, गंगा पुत्री वाला डांगी, जीवा पुत्र वरदा डांगी, कंकु पत्नी कालू डांगी, नाथी पुत्री लालूराम डांगी और लीला पुत्री ऊंकारलाल डांगी सहित अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई।शिकायत में चाकू, फावड़े और लाठियों से हमला करने के आरोप लगाए गए हैं।

हमले में कालू डांगी के सिर में गंभीर चोट लगने तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने की बात कही गई है। वहीं अन्य घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें करीब 10-12 लोग घायल हुए। लसाड़िया से सलूंबर, गंभीर हालत में उदयपुर रेफर -मारपीट के बाद घायलों को उपचार के लिए पहले लसाड़िया ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को सलूंबर जिला चिकित्सालय भेजा गया।

गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बाद में उदयपुर रेफर किया गया।वहीं वेला पुत्र पुंजा डांगी का उपचार लसाड़िया में चल रहा था।
हालत बिगड़ने पर उसे सलूंबर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया।
स्टे के बावजूद विवाद, पुलिस जांच में जुटी –
जमीन विवाद को लेकर चार दिन पहले न्यायालय से स्टे मिलने के बावजूद खेत पर जाने के रास्ते को लेकर हुए इस संघर्ष ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि न्यायालय के आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों और पुलिस को समय रहते उपलब्ध करवा दी गई थी। ऐसे में स्टे के बाद भी विवाद की स्थिति कैसे बनी, यह जांच का विषय है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में घटना के बाद धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।

उसका कहना है कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है। शिकायतकर्ता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच –

घटना की सूचना मिलने पर कूण थाने के एएसआई लक्ष्मणलाल मीणा मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मौका पर्चा तैयार किया। पुलिस दोनों पक्षों के बीच जमीन एवं रास्ते को लेकर चल रहे विवाद, मारपीट की परिस्थितियों तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगी।


