पाक जासूस गिरफ्तार, BSF ने ड्रोन गिराया, हमले में महिला की मौत
पंजाब में बठिंडा आर्मी कैंट से पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। रकीब नाम का यह व्यक्ति उत्तराखंड के रुड़की का रहने वाला है, यहीं पर वह कपड़े सिलने का काम करता है। आर्मी कैंट के अधिकारियों को रकीब की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत बठिंडा पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। अमृतसर एयरपोर्ट से कल से फ्लाइट्स शुरू हो जाएंगी। वहीं कल से स्कूल भी खुल जाएंगे लेकिन उनकी टाइमिंग बदली गई है।
वहीं, 9 मई को फिरोजपुर के खाई फेमे गांव में ड्रोन अटैक में घायल हुई महिला सुखविंदर कौर की लुधियाना के DMC अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि, इसी हादसे में घायल हुए उनके पति लखविंदर सिंह और बेटे का अभी इलाज चल रहा है। सरकार ने परिवार को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की है। इससे पहले सोमवार रात को होशियारपुर में ड्रोन देखे गए। हालांकि, आर्मी की टीम ने इन्हें हवा में ही गिरा दिया। इसके बाद होशियारपुर के दसूहा और मुकेरियां में ब्लैकआउट कर दिया गया। दोनों जगह 5 से 7 धमाके सुने गए। इसके अलावा जालंधर के मंड में एक ड्रोन मार गिराया।
फिरोजपुर के ममदोट में आज सुबह पाकिस्तानी ड्रोन दिखा। इस पर BSF के जवानों ने ड्रोन पर करीब 250 राउंड फायरिंग की। इसके बाद ड्रोन पाकिस्तान की तरफ लौट गया।
अमृतसर में रात 8 बजे स्ट्रीट लाइट बंद होंगी, लोगों को भी ब्लैकआउट की अपील
अमृतसर की DC साक्षी साहनी ने एक मैसेज जारी किया। जिसमें कहा- आज रात 8 बजे शहर की स्ट्रीट लाइट्स बंद कर दी जाएंगी। कृपया आप भी स्वैच्छिक ब्लैकआउट का पालन करें। अपने घर की सभी बाहरी लाइटें जैसे कि बरामदे, गार्डन, गेट/दरवाजे की लाइटें आदि बंद रखें। घर के अंदर भी न्यूनतम रोशनी का प्रयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि रोशनी बाहर न निकले। यदि रेड अलर्ट घोषित होता है, तो कृपया अंदर की लाइटें भी बंद कर दें और खिड़कियों से दूर रहें। हम बिजली की आपूर्ति को केंद्रीकृत रूप से बंद नहीं करना चाहते, लेकिन यदि रेड अलर्ट घोषित होता है और नागरिकों द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो हमें मजबूरी में बिजली बंद करनी पड़ सकती है। कल स्कूल सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक खुलेंगे।
बठिंडा आर्मी कैंट से पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में दर्जी को गिरफ्तार किया है। दर्जी रकीब उत्तराखंड के रुड़की का रहने वाला है। आर्मी कैंट के अधिकारियों को रकीब की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत बठिंडा पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रकीब को गिरफ्तार कर लिया।
बठिंडा कैंट थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है और उसे फोरेंसिक लैब भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने मोबाइल के जरिए क्या जानकारी साझा की है। सिटी SP नरिंदर सिंह ने कहा कि रकीब पिछले दो सालों से बठिंडा कैंट में दर्जी का काम कर रहा था। वह कैंट में ही अपनी दुकान पर रहता और वहीं सोता था। हमें आर्मी कैंट से शिकायत मिली थी कि उसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। हमने तुरंत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर फिरोजपुर जिले के ममदोट कस्बे में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पाकिस्तानी ड्रोन दिखा। BSF के जवानों ने ड्रोन को मार गिराने के लिए करीब 250 राउंड फायर किए। इस फायरिंग के बीच यह ड्रोन पाकिस्तान की ओर वापस लौट गया। गांव के कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बीएसएफ के अलावा स्थानीय पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है।


