लसाडिया।
धरियावद विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चली आ रही खाद की कमी से किसान परेशान थे। यूरिया समय पर नहीं मिलने से खेती का काम रुकने लगा था। इस बीच ग्रामीणों ने भाजपा विधायक प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा से मदद की गुहार लगाई।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मीणा तुरंत सक्रिय हुए। उन्होंने अधिकारियों से बात की और रविवार को लसाडिया क्षेत्र के लिए यूरिया की दो गाड़ियां भेजवाईं। इनमें से एक धामनिया और दूसरी लसाडिया पहुंची।किसानों को सही दर पर खाद मिले और वितरण में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए उन्होंने प्रशासनिक टीम को मौके पर तैनात करवाया।

अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को निर्धारित दर पर खाद वितरित की गई। खाद मिलते ही किसानों के चेहरों पर राहत साफ दिखी।
मीणा ने बताया कि तीन सहकारी समितियों ने यूरिया का भुगतान कर दिया है, जिससे अगले एक-दो दिन में और तीन गाड़ियां पहुंचेंगी।उन्होंने बताया कि झल्लारा, देवगांव और बनोड़ा में भी खाद की गाड़ी पहुंच चुकी है।
धरियावद क्षेत्र में भी अधिकारियों और सहकारी समितियों के व्यवस्थापकों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए आपूर्ति को पटरी पर लाया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि समय पर मिली खाद से फसलों को लेकर चिंता काफी कम हो गई है।


