वॉर्ड में घुसे 5 बदमाश, गोली मारी और भाग निकले
पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की गुरुवार को फिल्मी स्टाइल में हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें 5 अपराधी दिखाई दे रहे हैं। 4 लोगों ने कैप लगा रखी है। एक बिना कैप का है। किसी ने भी अपना चेहरा नहीं ढंका है। देखने में सभी की उम्र 35 से 40 के बीच लग रही है। चंदन मिश्रा के वॉर्ड में घुसने से पहले पांचों ने कमर से पिस्टल निकाल ली। पिस्टल की नॉट चढ़ाई। इसके बाद आराम से दरवाजा खोलकर वॉर्ड में दाखिल हो गए।
चंदन मिश्रा बक्सर का रहने वाला था। वो बड़ा गैंगस्टर था। पुलिस के अनुसार उसके ऊपर 10 से ज्यादा हत्या के आरोप हैं। लूट और अपहरण कर फिरौती, धमकाकर उगाही करना उसका क्राइम पैटर्न था। वो कई शहरों में ऐलान कर मर्डर कर चुका था। बक्सर के ही प्रसिद्ध चूना व्यवसायी को उसने दिनदहाड़े ऐलान कर के मारा था। रंगदारी ना देने पर ऐलान किया था ‘कल मारेंगे’।

उसके बाद व्यवसायी की हत्या कर दी गई थी। इस मर्डर में उसका दोस्त शेरू भी शामिल था। बाद में कुछ पैसों और अन्य मामलों को लेकर दोनों में विवाद हो गया। दोनों अलग-अलग हो गए थे। बाद में शेरू ने अपना गैंग बना लिया था। आरा तनिष्क लूट कांड में शेरू गैंग का नाम आया था। फिलहाल पुलिस का ये मानना है कि शेरू गैंग ने ही चंदन मिश्रा की हत्या को अंजाम दिया है।
चंदन मिश्रा 15 दिनों के लिए पैरोल पर बाहर आया था। 18 जुलाई को उसकी पैरोल खत्म हो रही थी। उसे पटना के बेऊर जेल लौटना था। इस बीच तबीयत खराब होने के बाद वह पटना के पारस अस्पताल में अपना इलाज कर रहा था। चंदन हॉस्पिटल के बेड नंबर 209 पर लेटा था। जिस वक्त गोली मारी गई, वो सो रहा था। बुधवार को ही डिस्चार्ज होने वाला था। लेकिन किसी कारण से नहीं हो पाया। चंदन मिश्रा को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। पिछले 12 सालों से वह जेल में बंद था। वो बक्सर जेल से भागलपुर और भागलपुर से फिर पटना के बेऊर जेल में सजा काट रहा था।


