बछड़े को लेकर 4 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ता नजर आया; वन-विभाग ने पटाखे फोड़ने की सलाह दी
लेपर्ड धीरे-धीरे उदयपुर शहर के करीब आ रहा है। शहर से 5 किमी दूर बड़गांव में लेपर्ड बछड़े का शिकार करता हुआ दिखाई दिया। मंगलवार रात 1.30 बजे एक राहगीर ने इसका वीडियो भी बना लिया। लेपर्ड इसमें बछड़े को गर्दन से दबोचकर 4 फीट ऊंची दीवार पर चढ़ता नजर आ रहा है। इसके बाद ग्रामीणों को वन विभाग ने रात के समय पटाखे फोड़ने की सलाह दी है। 2 दिन पहले लेपर्ड ने उदयपुर से 7 किमी दूर बड़ी गांव में बाड़े में घुसकर बछड़े को मार डाला था।
वन-विभाग ने दी पटाखे फोड़ने की सलाह
सहायक वन संरक्षक प्रवेंद्र सिंह राजावत ने बताया- हमें सरपंच ने वीडियो भेजकर लेपर्ड के गांव में आने की जानकारी दी थी। यहां पिंजरे लगाने की व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीणों को रात के समय पटाखे फोड़ने की सलाह दी है। साथ ही रात में अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के आसपास का एरिया में जंगल एरिया है यहां लेपर्ड का मूवमेंट अक्सर रहता है।
खून के निशान तो मिले, बछड़े का शव नहीं मिल पाया
सरपंच ने बताया- इसके बाद गांव में जाकर मालूम किया तो बछड़े के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने आशंका जताई कि लेपर्ड कहीं और से आवारा मवेशी का शिकार कर यहां लाया है। मौके पर वन-विभाग की टीम को भी सूचना दी थी। उन्होंने आकर ढूंढा, मौके पर खून के निशान तो मिले लेकिन, बछड़े का शव भी आसपास नहीं मिला। हमने वन-विभाग से पिंजरा लगाने की मांग की है। पूरे गांव के लोग डरे हुए हैं और बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।


