दुकानदार गिरफ्तार
उदयपुर। एक दुकानदार ने ग्राहक के मोबाइल की सिम को पोर्ट करवा कर उसके बैंक खाते से ₹1.37 लाख निकाल लिए। साइबर थाना पुलिस अधिकारी रामनिवास बिश्नोई ने बताया कि इस मामले में डबोक के सालेरा कला निवासी हुक्मीचंद पुत्र डालूजी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पिछले दो साल से फरार था। उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस सहित दो मामले दर्ज हैं।
क्या था मामला?
थानाधिकारी के अनुसार, वल्लभनगर निवासी कविता डांगी ने 30 मार्च 2023 को थाने में रिपोर्ट दी थी, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते से ₹1.37 लाख रुपए निकल गए हैं। पैसे कहां और कैसे गए, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि कविता डांगी ने डबोक की एक दुकान पर मोबाइल रिपेयरिंग के लिए दिया था। इसी दौरान दुकानदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनकी सिम को पोर्ट करवा लिया और दूसरी कंपनी की उसी नंबर वाली सिम प्राप्त कर ली। इसके बाद सिम को दूसरे मोबाइल में डालकर नेट बैंकिंग के जरिए ₹1.37 लाख रुपए एक परिचित के खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। बाद में इन पैसों को आपस में बांट लिया गया। गौरतलब है कि इससे पहले आरोपी के तीन साथी पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


