4.13 करोड़ के 31 विकास कार्य स्वीकृत, चुनावी भ्रम टूटा – भीण्डर को मिली बड़ी सौगात
AgamyMedia@KaranAudichya.
वल्लभनगर विधानसभा चुनाव के दौरान भीण्डर कस्बे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं।
दो प्रमुख प्रत्याशी इसी कस्बे से होने के कारण लोगों के बीच यह भ्रम भी बना हुआ था कि यदि बाहरी क्षेत्र से कोई विधायक जीतता है तो भीण्डर विकास से वंचित रह सकता है।
लेकिन अब यह धारणा पूरी तरह टूटती नजर आ रही है।क्षेत्रीय विधायक उदयलाल डांगी ने इस भ्रम को खत्म करते हुए भीण्डर नगर पालिका क्षेत्र के लिए 4 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत से 31 विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दिलवाई है।
इस फैसले के बाद साफ हो गया है कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा।

हर वार्ड तक पहुंचेगा विकास –
स्वीकृत कार्यों में शहर के लगभग सभी प्रमुख वार्डों को शामिल किया गया है। इनमें सीसी रोड, डामर सड़क, नाली निर्माण, इंटरलॉकिंग, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्रमुख रूप से शामिल है।
मुख्य कार्यों में – देवेन्द्र आमेटा से साठड़िया बाजार तक सीसी व नाली निर्माण, प्रभात नगर व विश्वकर्मा नगर में सीसी रोड, शिकारवाड़ी क्षेत्र में विभिन्न मार्गों का निर्माण, चांदपोल से खादी भंडार तक डामर रोड, भेरव गली से पीपली गली तक सीसी रोड, अंबा माता मंदिर के पास सामुदायिक भवन, सूरजपोल से जैन वृद्धाश्रम तक सड़क निर्माण, हाजी की बावड़ी से गिरिवर पोल तक मार्ग विकास, इसके अलावा रोड फर्नीचर, सार्वजनिक संपत्तियों का निर्माण व मरम्मत, स्वच्छ भारत मिशन के तहत सौंदर्यीकरण कार्य, सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट हेतु भूमि समतलीकरण और बालिका विद्यालय में पनघट स्थापना जैसे कार्य भी शामिल हैं।
लोगों ने कहा – अब नहीं रहेगा भेदभाव
स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के दौरान यह धारणा बनी हुई थी कि भीण्डर को प्राथमिकता नहीं मिलेगी, लेकिन अब इन कार्यों की स्वीकृति से साफ हो गया है कि विकास सभी क्षेत्रों में समान रूप से होगा।
लोगों का मानना है कि इन कार्यों के पूरे होने के बाद भींडर कस्बे की सड़कों, नालियों और साफ-सफाई की व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
विधायक ने दिया भरोसा –
विधायक उदयलाल डांगी ने कहा कि उनका लक्ष्य पूरे वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र का संतुलित विकास करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के किसी भी कस्बे के साथ भेदभाव नहीं होगा और आगे भी विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस स्वीकृति के साथ ही भीण्डर को लेकर बना भ्रम अब खत्म हो गया है और विकास की नई राह पर आगे बढ़ने को तैयार है।


