मासूमों की मौत से दहशत, कन्हैयालाल मीणा बोले – “पोस्टमार्टम और स्वास्थ्य शिविर से ही खुलेगा रहस्य”
Agamymedia@Lasadiya (करण औदिच्य)
सलूंबर जिले के लसाड़िया उपखंड क्षेत्र में एक बार फिर रहस्यमयी बीमारी ने दहशत फैला दी है। करीब 17 दिन की शांति के बाद शुक्रवार को खजुरी ग्राम पंचायत के कुंडा गांव में दो मासूम बालिकाओं की अचानक मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया है।
इस बीमारी को लेकर सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि प्रशासन अब तक मौतों के असली कारण का पता नहीं लगा पाया है।

इससे पहले भी इसी तरह की घटनाओं के बाद राज्य सरकार ने मामला गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा और प्रशासनिक टीमों को मौके पर भेजा था।
गांव-गांव जाकर पानी, भोजन सहित विभिन्न सैंपल लिए गए और जांच की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
ताजा घटना में मृतक बालिकाओं की पहचान आशा और रूशा के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य बालिका की तबीयत खराब बताई जा रही है, जिसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा विधायक प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा लसाड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और चिकित्सकों से बीमार बच्ची के उपचार की जानकारी ली। साथ ही बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने और पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाकर बच्चों सहित सभी ग्रामीणों की जांच कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

लगातार हो रही इन रहस्यमयी मौतों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर मामले की तह तक कब पहुंच पाते हैं और क्षेत्रवासियों को इस भय से राहत कब मिलती है।
पोस्टमार्टम से खुलेगा रहस्य, इलाज पर जोर –
पहले हुई मौतों में किसी भी मृतक का पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण वास्तविक कारण सामने नहीं आ पाया। कल भी एक बालिका की मृत्यु के बाद बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
आज सुबह जानकारी मिलते ही उन्होंने परिजनों को समझाइश कर एक बालिका के शव का पोस्टमार्टम करवाया है, जिससे मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा।मैंने उच्च अधिकारियों से बातचीत कर क्षेत्र में शिशु रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग की है, ताकि समय पर उपचार मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
• कन्हैयालाल मीणा, भाजपा विधायक प्रत्याशी – धरियावद विधानसभा.



