मोदी बोले- जवाब ज़रूरी था, खड़गे ने सरकार का साथ दिया
आखिरकार भारत ने पाकिस्तान के आतंकी संगठनों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर ही दी। इंडियन एयरफोर्स ने मंगलवार आधी रात 1:05 बजे पाकिस्तान और पीओके, यानी पाक अधिकृत कश्मीर के भीतर एयर स्ट्राइक की। इस हमले में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। भारत की ये जवाबी कार्रवाई पहलगाम हमले के 15 दिन बाद की गई है और इसका नाम दिया है ‘ऑपरेशन सिंदूर’। ये नाम उन महिलाओं को समर्पित है, जिनके पतियों की पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने हत्या कर दी थी।
सेना ने एयर स्ट्राइक के 9:30 घंटे बाद सुबह 10:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी और आर्मी की कर्नल सोफिया कुरैशी और एयरफोर्स से विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी। सबसे पहले एयर स्ट्राइक का 2 मिनट का वीडियो प्ले किया गया। इसमें आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की कार्रवाई दिखाई गई। कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि रात 1:05 बजे और 1:30 बजे के बीच ऑपरेशन हुआ। 25 मिनट में पाकिस्तान और पीओके में 9 टारगेट पहचाने गए थे। इन्हें हमने तबाह कर दिया। लॉन्चपैड, ट्रेनिंग सेंटर्स टारगेट किए गए।

ये नाम उन महिलाओं को समर्पित है, जिनके पतियों की पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने हत्या कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए तीनों सेनाओं की तारीफ की। ऑपरेशन सिंदूर पर कहा कि ये नया भारत है। पूरा देश हमारी ओर देख रहा था। ये तो होना ही था। पाकिस्तान के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा- भारत ने 24 मिसाइलें दागी हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी ऑपरेशन सिंदूर को पूरी रात मॉनिटर करते रहे।
इनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर हाफिज अब्दुल मलिक भी शामिल है। मलिक मुरीदके स्थित मरकज तैयबा एयर स्ट्राइक में मारा गया। बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर ने कहा है कि सुभान अल्लाह मस्जिद पर किए गए हमले में उसके परिवार के 10 सदस्य और चार करीबियों की मौत हो गई। इस बीच, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान अपनी हिफाजत कर सकता है, लेकिन भारत रुक जाता है तो हम भी रुक जाएंगे।
जयशंकर ने स्पेन के विदेश मंत्री से बात की विदेश मंत्री एस जयशंकर ने X पर लिखा- मैंने स्पेन के फॉरेन मिनिस्टर जोसे मैनुअल अल्बारेस से बात की। उन्हें भारत के सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ अपने निर्धारित एक्शन के बारे में बताया।
पहलगाम आतंकी हमले पर NIA की अपील, जनता से मांगी मदद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर जनता से मदद मांगी है। NIA ने कहा कि अगर किसी के पास इस हमले से जुड़ी कोई जानकारी, फोटो या वीडियो है, तो तुरंत साझा करें।NIA ने इसके लिए दो नंबर जारी किए हैं – मोबाइल: 9654958816 और लैंडलाइन: 011-24368800। जानकारी देने वालों से एक वरिष्ठ अधिकारी संपर्क करेगा।
पाकिस्तान बोला- भारत ने युद्ध के लिए उकसाया पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक में भारत के हमले को पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया गया। शहबाज ने कहा- इस कार्रवाई से भारत ने हमें युद्ध के लिए उकसाया है। बैठक में सेना प्रमुखों, आईएसआई चीफ और कई केंद्रीय मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
सुनक बोले- भारत का आतंकी ठिकानों पर हमला जायज
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा कि किसी भी देश को यह स्वीकार नहीं करना चाहिए कि उसकी सरजमीं पर किसी और देश से आतंकी हमले किए जाएं। सुनक ने भारत के जवाबी हमलों को सही ठहराते हुए कहा, ‘भारत का आतंकियों के ढांचे पर हमला करना पूरी तरह जायज है। आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।’


