ई-पेपर

एयर स्ट्राइक के बाद सुरक्षा बढ़ी


साकरोदा में मॉक ड्रिल, रात को ब्लैकआउट; अंबेरी में भी अलर्ट, राज्यपाल का दौरा टला

उदयपुर से करीब 20 किमी दूर साकरोदा स्थित भारतीय पेट्रोलियम के प्लांट पर जैसे ही तेज आवाज में सायरन बजा तो हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और आसपास ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सिविल डिफेंस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और घायलों को रेस्क्यू करने में जुट गई। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। बाद में लोगों को पता लगा कि यह भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध के हालात को लेकर एक मॉक ड्रिल का आयोजन था।

मॉक ड्रिल में 21 लोग घायल हुए। जिनमें से 4 को एमबी हॉस्पिटल, 5 को जीबीएच और बाकी को आसपास के सेहत केन्द्र पहुंचाया गया। कुछ देर बाद उदयपुर एसपी योगेश गोयल, कलेक्टर नमित मेहता सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी के साथ ही अंबेरी क्षेत्र में भी फायरिंग और इमरजेंसी की सूचना पर दमकल विभाग की एक गाड़ी भेजी गई।

कलेक्टर नमित मेहता ने घोषणा की है कि आज रात 8:45 से 9:00 बजे तक शहर में ब्लैकआउट रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इस दौरान लाइटें बंद रखने की अपील की है।

ब्लैक आउट में घरों की लाइट बंद करने की अपील सलूंबर कलेक्टर अवधेश मीणा ने कहा- आमजन प्रशासन को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल कर आमजन को आपात हालात में सजक रहने की जानकारी दी जाएगी। मॉक ड्रिल के दौरान सायरन की आवाज आते ही आमजन को 15 मिनट तक घरों की लाइट बंद कर घरों की खिड़की पर पर्दे लगाने है। घरों को 15 मिनट तक अंधेरे में ही रखना है। सलूंबर एसपी राजेश कुमार यादव ने कहा- हमारी टीमों की तरफ से तैयारियां पूरी है।

इधर, भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के मद्देनजर पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का 9 मई का प्रस्तावित उदयपुर दौरा रद्द कर दिया गया है। भाजपा नेता अतुल चंडालिया ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए राज्यपाल ने अपना दौरा स्थगित किया है। शहर में सुबह से ही भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर उत्साह का माहौल है। लोगों में एयर स्ट्राइक की सफलता को लेकर जश्न का माहौल है और चर्चाएं हो रही हैं।

उदयपुर की आमजन से अपील उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता ने आमजन के लिए अपील जारी की है। उन्होंने कहा- मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में प्रशासनिक, आपदा राहत एवं बचाव की तैयारियों को परखना है। आमजन को किसी भी प्रकार से घबराने या असहज होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा- मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजने के साथ ही सभी नागरिक 15 मिनट के लिए अपने घरों, दुकानों, संस्थानों आदि की सभी लाइट्स बंद कर दें। इनवर्टर, सोलर लाइट, जनरेटर आदि वैकल्पिक विद्युत स्त्रोत भी बंद कर अभ्यास में सहयोग करें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?