शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान.
Agamymedia@Lasadiya.
दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं चिकित्सा विभाग ने जिले में चल रहे “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। लसाड़िया में न्यू जोधपुर मिष्ठान भंडार के गोदाम पर छापे के दौरान 180 किलोग्राम मावा और मिल्क केक को मिलावट की आशंका में नष्ट करवाया गया।

यह कार्रवाई उपखंड अधिकारी लसाड़िया धर्मेंद्र वर्मा के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान पाया गया कि मिठाई बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा मावा अहमदाबाद से मंगवाया गया था। पूछताछ में संचालक अजय सिंह उर्फ अर्जुन सिंह ने बताया कि उसकी रावण घाटी में मिठाई की दुकान है, जहां पहले भी लिए गए नमूने अमानक स्तर के पाए गए थे।

मौके पर मौजूद मावे की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर 180 किलो मावा व मिल्क केक जनहित में नष्ट कर दिए गए।खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी की टीम ने मौके से नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा है।

रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियम 2011 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि त्यौहारी सीजन में राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी खाद्य व्यवसायियों से अपील की कि वे मिठाई, तेल, मसाले आदि में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग करें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और बिना फूड लाइसेंस कारोबार न करें।डॉ. परमार ने चेतावनी दी कि बिना अनुज्ञा पत्र के खाद्य सामग्री का उत्पादन, भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के साथ पारस और शूरवीर सिंह (उपखंड कार्यालय, लसाड़िया) मौजूद रहे।


