ई-पेपर

लसाडिया उपखंड में दूसरे दिन भी कार्रवाई: 70 किलो दूषित मावा व मिल्क केक, 10 लीटर कोल्ड ड्रिंक नष्ट…


लसाड़िया उपखंड में मिलावटखोरों पर लगातार कार्रवाई.

Agamymedia@Lasadiya.

लसाड़िया उपखंड में मिलावटखोरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

दीपावली त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग, राजस्थान की ओर से चल रहे “शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान” के तहत लगातार दूसरे दिन लसाड़िया में मिठाई विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई की गई।

आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला और जिला कलेक्टर अवधेश मीना के निर्देश पर अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं सीएमएचओ डॉ. महेंद्र कुमार परमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र वर्मा के नेतृत्व में की गई।

निरीक्षण के दौरान कृष्णा कामधेनु मिष्ठान भंडार (न्यू बस स्टैंड, लसाड़िया) पर करीब 70 किलोग्राम मावा व मिल्क केक दूषित और अवधिपार पाया गया। साथ ही 10 लीटर अवधि पार कोल्ड ड्रिंक भी जब्त की गई।

प्रशासन की मौजूदगी में यह सारी सामग्री जनहित में नष्ट करवाई गई। फर्म से मावा बर्फी, बेसन और तेल के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं।

इसी क्रम में मेसर्स महालक्ष्मी जोधपुर स्वीट्स एंड बेकरी का निरीक्षण कर गुलाब जामुन का नमूना भी खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सीएमएचओ डॉ. परमार ने बताया कि त्यौहारों के दौरान आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग करें, स्वच्छता और हाइजीन का विशेष ध्यान रखें, खुले में खाद्य पदार्थ न रखें और बिना फूड लाइसेंस कारोबार न करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 व नियम 2011 का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलेभर में निरीक्षण और नमूनीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी, उपखंड कार्यालय से पारसमल और शूरवीर सिंह मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?