ग्रामीण बोले – भाजपा विधायक प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा के प्रयास लाए रंग.
Agamymedia@Salumber
धौलागिर खेडा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर बुधवार को ऐतिहासिक पल देखने को मिला। पूरे 70 साल बाद गांव के विद्यालय को आखिरकार अपनी जमीन का हक मिल गया। इस उपलब्धि के लिए ग्रामीणों ने भाजपा राजस्थान के पूर्व प्रदेशमंत्री और धरियावद विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा का आभार जताया।
गांव के शंभु सिंह ने 1956 में विद्यालय के लिए जमीन दान दी थी। लेकिन उस समय विद्यालय सामाजिक न्याय विभाग के अधीन था, जिसके चलते जमीन भी विभाग के नाम दर्ज हो गई। इसी कारण विद्यालय के विकास कार्य सालों तक अटके रहे। ग्रामवासियों ने कई बार इस समस्या को उठाया, लेकिन समाधान नहीं हो पाया।

जब यह मामला पूर्व प्रदेशमंत्री कन्हैयालाल मीणा तक पहुंचा तो उन्होंने तुरंत पहल की। कन्हैयालाल मीणा ने स्वयं इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया और शंभु सिंह की पत्नी व उत्तराधिकारी आनंद कुंवर को हाल ही में आयोजित शिविर में तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा के समक्ष प्रार्थना पत्र दिलवाया। सलूंबर जिला कलेक्टर अवधेश मीणा के निर्देशन और तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा की कार्यवाही से विभाग से एनओसी लेकर आखिरकार जमीन विद्यालय के नाम दर्ज हो गई।
ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह संभव तभी हो पाया जब कन्हैयालाल मीणा ने नेतृत्व कर इस मुद्दे को हल करवाया। इसी अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पूर्व प्रदेश मंत्री व विधायक प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा, तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा का माला व साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि मावजी मीणा, उपसरपंच गणपत सिंह, कुलदीप सिंह चुंडावत, हीरालाल सुथार, रमेश कलाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ग्रामवासियों ने विद्यालय का नाम दानदाता भामाशाह के नाम पर रखने की भी मांग रखी। 70 साल पुराने विवाद का अंत होने पर ग्रामीणों ने कहा कि आज विद्यालय को उसकी पहचान और हक मिला है, और इसका श्रेय सबसे पहले धरियावद भाजपा विधायक प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा को जाता है।



