धरियावद, सलूंबर और प्रतापगढ़ से जाएंगे 10 हजार से अधिक लोग
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्कूलों में होगा लाइव प्रसारित
Agamymedia@Salumber
सलूंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वागड़ क्षेत्र के बांसवाड़ा जिले के नापला (छोटी सरवन) पहुंचेंगे।
यहां वे माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना समेत 1.21 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे वागड़ और मेवाड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। संगठन स्तर पर पहले ही तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हर विधानसभा क्षेत्र, कस्बे और ग्राम पंचायत से कार्यकर्ताओं और आमजन को सभा स्थल तक लाने की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इसके लिए बसों और अन्य वाहनों की व्यवस्था की जा रही है।
पार्टी चाहती है कि प्रधानमंत्री की सभा अभूतपूर्व भीड़ और ऐतिहासिक उपस्थिति के साथ दर्ज हो।
धरियावद, सलूंबर और प्रतापगढ़ से जाएंगे 10 हजार से अधिक लोग —
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार को बांसवाड़ा में होने वाले कार्यक्रम के लिए पार्टी की ओर से बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। धरियावद, सलूंबर और प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्रों से 10 हजार से अधिक आमजन को ले जाने का जिम्मा दिया गया है। धरियावद विधानसभा से अकेले 200 बसों की व्यवस्था की गई है।
बताया गया कि भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री और विधायक प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा अपने समर्थकों के साथ बड़े जनसमूह सहित बांसवाड़ा पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्कूलों में होगा लाइव प्रसारित —
प्रसारण के दौरान छात्रों के साथ एसएमसी/एसडीएमसी सदस्य, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे। इसके लिए संस्था प्रधानों को अलग से निर्देश दिए गए हैं। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की ओर से लाइव प्रसारण का लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी का बांसवाड़ा कार्यक्रम जिले के सभी राजकीय और निजी विद्यालयों में सीधा प्रसारित किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा, सलूंबर ने इसके लिए आदेश जारी किए हैं। आदेशानुसार 25 सितंबर को सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।


