ई-पेपर

डाईखेड़ा मिड डे मील मामला: निलंबित शिक्षकों को बहाल करने की मांग तेज, ग्रामीण बोले- 7 दिन में नहीं लगाया तो होगा आंदोलन…


अगम्य मीडिया @ लसाड़िया।

लसाड़िया उपखंड क्षेत्र के आरनीया ग्राम पंचायत के डाईखेड़ा विद्यालय में गत दिनों मिड डे मील के दौरान हुई घटना के बाद निलंबित किए गए दो शिक्षकों को लेकर अब ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने दोनों शिक्षकों को पुनः विद्यालय में बहाल करने की मांग करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

तहसीलदार से दोनों शिक्षकों को पुनः लगाने की मांग करते हुए ग्रामीण – अगम्य मीडिया।

ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत आरनीया में आयोजित प्रशासनिक शिविर में लसाडिया तहसीलदार रामजीलाल गुर्जर और शिक्षा विभाग के आरपी राजेंद्र मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि कुछ दिन पहले मिड डे मील में छिपकली गिरने से बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक कैलाश मीणा और शिक्षक गौतमलाल मीणा को निलंबित कर दिया था।

ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना में दोनों शिक्षकों की कोई सीधी गलती नहीं थी। वे वर्षों से विद्यालय में ईमानदारी से सेवा कर रहे हैं और उनके निलंबन से करीब 200 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि दोनों शिक्षकों को शीघ्र ही बहाल किया जाए, अन्यथा वे सामूहिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि गौतमलाल मीणा, भेरूलाल चौधरी (आरनिया), देवेंद्र मीणा (डाईखेड़ा), रामलाल, दिनेश, सोमदेव, गोतम, चतरा, मीठालाल, कालुलाल, शंकरलाल, मोतीलाल, रमेश, भगाराम, किशनलाल, राहुल और पूर्व सरपंच प्रेमचंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Need Help?