नवरात्र का दूसरा दिन: ईडाणा माताजी में हुई मां ब्रह्मचारिणी की पूजा
ब्राह्मण बटुकों को करवाया भोजन
Agamymedia@Panund
उदयपुर संभाग का व सलूंबर जिले का एकमात्र अग्नि स्नान का शक्तिपीठ ईडाणा माताजी मंदिर में नवरात्र महोत्सव का खासा उत्साह नजर आ रहा है।

ईडाणा माताजी मंदिर में नवरात्र महोत्सव को लेकर पुरे मेवल क्षेत्र में इसका उत्साह नजर आ रहा है। ईडाणा माताजी में पहले दिन से दूर-दूर से दर्शनार्थी पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन माता जी का आकर्षक श्रंगार किया जा रहा है। यहां मंदिर परिसर की हवनशाला में शतचंडी महायज्ञ चल रहा है, जो दशमी तक चलेगा।
आचार्य अंबालाल शर्मा ने बताया कि 11 पंडितों के वैदिक मंत्र कर के साथ हवनशाला में अलग अलग यजमानों द्वारा आहुतियां दी जा रही है। नवरात्र महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को ईडाणा माताजी में मां ब्रह्मचारिणी जी की विशेष पूजा की गई।
मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए सफेद पुष्प अर्पित करते हुए मां ब्रह्मचारिणी को बर्फी, चीनी,खीर और पंचामृत का भोग लगाया गया। ट्रस्ट अध्यक्ष गोपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि ईडाणा माताजी ट्रस्ट की और से भोजनशाला में आने वाले दर्शनार्थियों के लिए निशुल्क भोजन व अल्पाहार करवाया जा रहा है।
ट्रस्ट की भोजनशाला में मेवल क्षेत्र के प्रमुख गांवों से हर रोज अलग-अलग ग्रामवासी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।ईडाणा माताजी आने वाले प्रमुख मार्ग पर विभिन्न भामाशाहों द्वारा भंडारा भी लगाया गया है। दूर-दूर से पैदल यात्रियों का आना भी शुरू हो गया है।
बटुकों को कराया भोजन —
ईडाणा माताजी मंदिर की हवनशाला में शारदीय नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत चल रहे शतचंडी महायज्ञ के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात भोजनशाला में 100 से अधिक ब्राह्मण बटुकों को ससम्मान भोजन कराया गया।



