Agamymedia@Salumber
राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ की ओर से शुक्रवार को सलूंबर जिला मुख्यालय पर विश्व फार्मासिस्ट दिवस और फार्मासिस्ट स्नेह सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत जिला अस्पताल सलूंबर में मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरण से हुई। इस दौरान सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

इसके बाद वृंदावन होटल में नवचयनित और वरिष्ठ फार्मासिस्टों का परिचय एवं सम्मान समारोह रखा गया। मुख्य अतिथि विधायक शांता अमृतलाल मीणा ने सभी फार्मासिस्टों को शुभकामनाएं दीं और समाज में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. महेंद्र कुमार परमार, अति. सीएमएचओ डॉ. विष्णुदयाल मीणा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेंद्र शर्मा, बीसीएमओ सलूंबर डॉ. संपतलाल मीणा, झल्लारा बीसीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र सिंह चौहान, जयसमंद बीसीएमओ डॉ. मनीष पाठक और जिला आयुर्वेद नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र जोशी ने चिकित्सा व्यवस्था में फार्मासिस्टों के योगदान पर अपने विचार रखे।

जिला अध्यक्ष भरत मेहता और सचिव अर्जुन मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री निशुल्क निरोगी राजस्थान योजना की सफलता में फार्मासिस्टों की अहम भूमिका रही है। दवा के प्रबंधन, भंडारण और वितरण का कार्य पूरे प्रदेश में फार्मासिस्टों ने कुशलतापूर्वक संभाला है।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ फार्मासिस्ट बिरजू राम यादव ने किया। इस दौरान फार्मासिस्ट खुशाल सिंह और भाविन त्रिवेदी ने वेतन विसंगति और भत्तों से जुड़ी मांगें भी रखीं।



